भाजपा बंगाल में किए चुनावी वादे पूरे कर रही है, ‘सोनार बांग्ला’ का सपना साकार हो रहा है : शाह
भाजपा बंगाल में किए चुनावी वादे पूरे कर रही है, ‘सोनार बांग्ला’ का सपना साकार हो रहा है : शाह
(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार अपने चुनावी घोषणा-पत्र में किए गए वादों को पूरा कर रही है और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ की परिकल्पना निरंतर वास्तविकता बनती जा रही है।
कोलकाता में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि हर घुसपैठिए की पहचान की जाएगी तथा देश की सुरक्षा को और मजबूत बनाया जाएगा।
शाह ने कहा, ‘‘बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान हमने अपने ‘संकल्प पत्र’ में जो वादे किए थे, उन्हें हम पूरा कर रहे हैं।’’
राज्य सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ बनाने का संकल्प अवश्य पूरा होगा।’’
केंद्रीय मंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनकी 125 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखने के बाद यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘आज उनकी 125वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल में उनकी 125 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखी गई है। यह उनकी अमर विरासत को सच्ची श्रद्धांजलि है।’’
इसे भावुक क्षण बताते हुए शाह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया और जम्मू कश्मीर के भारत में पूर्ण विलय के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आज का दिन मेरे जैसे अनेक लोगों के लिए भावनात्मक है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर के भारत में पूर्ण विलय के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।’’
शाह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने नेहरू-लियाकत समझौते के विरोध में स्वतंत्र भारत की पहली केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था। उनका दृढ़ विश्वास था कि स्वतंत्र भारत की नीतियां भारतीय सभ्यता, संस्कृति और मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘डॉ. मुखर्जी का मानना था कि स्वतंत्र भारत की नीतियों में भारत की अपनी मिट्टी की सुगंध होनी चाहिए, न कि वे पश्चिमी प्रभाव की छाया में रहें।’’
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मृत्यु की कभी निष्पक्ष जांच नहीं होने दी गई।
उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत की कभी जांच नहीं होने दी।’’
भाषा गोला दिलीप
दिलीप

Facebook


