भाजपा ने तृणमूल को सत्ता से हटाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का सौदा किया: ममता बनर्जी
भाजपा ने तृणमूल को सत्ता से हटाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का सौदा किया: ममता बनर्जी
(फोटो सहित)
कोलकाता, 12 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तृणमूल कांग्रेस को पश्चिम बंगाल की सत्ता से हटाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का सौदा किया है।
मुख्यमंत्री ने यह दावा ऐसे वक्त किया है जब सोशल मीडिया पर आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) प्रमुख हुमांयू कबीर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें कबीर कथित तौर पर यह कहते हुए सुने गए कि वह बनर्जी को सत्ता से हटाने के लिए भाजपा नेताओं से निकट संपर्क में हैं और उन्होंने तृणमूल को हराने के लिए अल्पसंख्यक मतों को विभाजित करने के वास्ते 1,000 करोड़ रुपये के सौदे के अग्रिम भुगतान के रूप में 200 करोड़ रुपये प्राप्त किए हैं।
‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
तृणमूल प्रमुख ने सवाल उठाया, ‘अगर यह एआई द्वारा बनाया गया है, तो संबंधित व्यक्ति इसे स्वीकार क्यों कर रहा है? आप अचानक उसका बचाव क्यों कर रहे हैं?’’
उनकी इस टिप्पणी के एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुर्शिदाबाद के जंगीपुर में एक रैली में आरोप लगाया था कि आगामी चुनावों में हार को भांपते हुए तृणमूल ने एआई का इस्तेमाल करके तैयार फर्जी वीडियो का सहारा लिया है।
मुख्यमंत्री बनर्जी ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने (भाजपा ने) पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का सौदा किया है।’
कबीर द्वारा वीडियो के बारे में विरोधाभासी बयान देने के बाद विवाद और गहरा गया। पहले तो उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो कृत्रिम रूप से बनाया गया है, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि एक लंबे वीडियो का केवल एक हिस्सा बिना किसी संदर्भ के प्रसारित किया गया था, और पूरा वीडियो जल्द ही जारी किया जाएगा।
बनर्जी ने भाजपा पर मतदाताओं को धार्मिक आधार पर ध्रुवीकृत करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, ‘वे हिंदू और मुसलमान दोनों को गुमराह कर रहे हैं। उनका चरित्र गिरगिट की तरह बदलता रहता है।’
पश्चिम बर्धमान के आसनसोल, बांकुड़ा जिले के छटना और ओंडा तथा पूर्वी बर्धमान के खंडघोष में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘भाजपा विधानसभा चुनाव के बाद बहुमत के आंकड़े से कम रहने की स्थिति में राज्य मंत्रियों सहित तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवारों को धमका रही है और उनका समर्थन मांग रही है।’
पश्चिम बंगाल विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है। भाजपा ने 2021 के चुनावों में 77 सीटें जीती थीं।
बनर्जी ने भाजपा पर लोगों के अधिकारों में कटौती की साजिश रचने का आरोप लगाया और आगाह किया कि वह भविष्य में परिसीमन और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को लागू कर सकती है।
असम में एनआरसी कवायद का जिक्र करते हुए, उन्होंने दावा किया कि राज्य में लाखों नाम हटा दिए गए और चेताया कि अगर भाजपा जीतती है तो बंगाल में भी इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा पश्चिम बंगाल को तीन भागों में बांटने के लिए परिसीमन विधेयक लाने की योजना बना रही है। इससे पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों का बिहार या ओडिशा में विलय हो सकता है और जिससे वहां के बंगालियों को प्रताड़ना का सामना करना पड़ेगा।’
बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में तैनात केंद्रीय बल तलाशी के नाम पर महिलाओं के साथ ‘‘अपमानजनक व्यवहार’’ कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि रैली स्थल उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें रैली करने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन सभा के लिए तुरंत अनुमति दे दी गई थी।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


