राज्यसभा में भाजपा सांसद ने नकली ऑर्गेनिक उत्पादों की बिक्री पर जतायी चिंता
राज्यसभा में भाजपा सांसद ने नकली ऑर्गेनिक उत्पादों की बिक्री पर जतायी चिंता
नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) प्राकृतिक उत्पादों की बढ़ती मांग के साथ साथ बाजार में नकली ऑर्गनिक उत्पादों की बिक्री होने पर चिंता जाहिर करते हुए राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी के माधव राव गोपछड़े ने सोमवार को कहा कि इसका सेवन आपकी सबसे बड़ी संपत्ति ‘‘सेहत’’ पर भारी पड़ सकता है।
शून्यकाल में भाजपा के माधवराव गोपछड़े ने नकली ऑर्गेनिक उत्पाद बाजार में उपलबध होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आजकल हर व्यक्ति ऑर्गेनिक उत्पादों को जानता है, यह सोचकर खरीदता भी है कि यह सेहत के लिये अच्छा होगा।
उन्होंने कहा ‘‘लेकिन जिसे आप ऑर्गेनिक समझ कर खा रहे है, शायद वह असली न हो और इसके सेवन से आपकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।’’
गोपछड़े ने कहा कि नकली आर्गनिक उत्पाद के पर्यावरणीय परिणाम भी गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों में घटिया सामग्री उपयोग में लाई जाती है।
गोपछड़े ने सरकार से मांग की कि इस बारे में स्पष्टता होनी चाहिए कि आप जिसे ऑर्गनिक उत्पाद समझ कर खा रहे हैं, वह वास्तव में ऑर्गनिक उत्पाद है या नहीं। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद महंगे भी होते हैं।
भाषा
मनीषा माधव
माधव

Facebook


