भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ओडिशा पहुंचे, 18 मई को कई बैठकें करेंगे
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ओडिशा पहुंचे, 18 मई को कई बैठकें करेंगे
भुवनेश्वर, 17 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ओडिशा के दौरे के तहत रविवार को भुवनेश्वर पहुंचे। वह 18 मई को मंत्रियों और पार्टी के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह नवीन का ओडिशा का पहला दौरा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल समेत कई मंत्रियों और अन्य नेताओं ने बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नवीन का स्वागत किया।
भाजपा की ओडिशा इकाई ने एक बयान में कहा कि नवीन सोमवार को भुवनेश्वर और पुरी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकों, गहन प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रणनीतिक संवाद में हिस्सा लेंगे।
बयान में कहा गया है, ‘‘इस दौरे का उद्देश्य राज्य में पार्टी की संगठनात्मक नींव को मजबूत करना, जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में नयी ऊर्जा का संचार करना और राज्य में विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा सहित पार्टी के भविष्य के प्रयासों के लिए एक परिवर्तनकारी नया मार्ग प्रशस्त करना है।’’
भाजपा अध्यक्ष सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे राज्य कोर कमेटी की बैठक से अपने कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे। इसके दो घंटे बाद वह भाजपा के भुवनेश्वर जिला प्रशिक्षण शिविर का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर नवीन पुरी जाएंगे, जहां वह भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेंगे। नवीन पुरी से लोकसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के आवास पर पवित्र ‘महाप्रसाद’ ग्रहण करेंगे।
भाषा यासिर पारुल
पारुल

Facebook


