भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के तीन-दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के तीन-दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के तीन-दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे, जहां वह ‘महत्वपूर्ण बैठकों’ में भाग लेंगे और राज्य में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
भाजपा ने बुधवार को एक बयान में कहा कि अपनी यात्रा के दौरान नवीन पार्टी नेताओं, निर्वाचित प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठकें करेंगे।
इसमें आगे कहा गया है कि भाजपा अध्यक्ष राज्य के अपने दौरे के दौरान आध्यात्मिक नेताओं से भी मुलाकात करेंगे और ‘महत्वपूर्ण’ सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
भाजपा ने कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार 28 मई 2026 से शनिवार 30 मई 2026 तक उत्तराखंड का तीन दिवसीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक दौरा करेंगे।’’
पार्टी के अनुसार, नवीन बृहस्पतिवार शाम को भाजपा उत्तराखंड कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे और उसके बाद मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


