भाजयुपो ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर जम्मू-कश्मीर में नेकां सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया

भाजयुपो ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर जम्मू-कश्मीर में नेकां सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया

भाजयुपो ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर जम्मू-कश्मीर में नेकां सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया
Modified Date: June 4, 2026 / 04:08 pm IST
Published Date: June 4, 2026 4:08 pm IST

(फोटो के साथ)

जम्मू, चार जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा ने जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) सरकार के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया और उस पर शिक्षित युवाओं को एक लाख नौकरियां प्रदान करने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता अरुण प्रभात के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता कच्ची छावनी में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया।

पत्रकारों से बात करते हुए प्रभात ने आरोप लगाया कि नेकां ने अपने 2024 के चुनाव घोषणापत्र में एक लाख नौकरियों और रोजगार के नये अवसरों के सृजन का वादा किया था, लेकिन वह इन प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफल रही है।

उन्होंने सरकार पर बेरोजगार युवाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। हाल में जारी एक सरकारी आदेश का हवाला देते हुए प्रभात ने कहा कि प्रशासन ने मितव्ययिता उपायों के बहाने लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को समाप्त करने का फैसला किया है।

प्रभात ने इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण और युवा-विरोधी करार दिया।

भाजयुमो नेता ने आरोप लगाया कि नेकां के सत्ता में आने के लगभग दो साल बाद भी बेरोजगारी चिंता का एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है, जिससे कई शिक्षित लोग निराश और हताश हैं।

प्रभात ने कहा कि युवाओं ने सरकार को उसके चुनावी वादों की याद दिलाने के लिए सड़कों पर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी है कि भाजपा की युवा शाखा तब तक अपना आंदोलन जारी रखेगी जब तक कि रिक्त पदों को समाप्त करने का निर्णय वापस नहीं लिया जाता और रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा नहीं किए जाते।

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में