भाजपा तैयार है, जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव का फैसला निर्वाचन आयोग को करना है: जितेंद्र सिंह

Ads

भाजपा तैयार है, जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव का फैसला निर्वाचन आयोग को करना है: जितेंद्र सिंह

  •  
  • Publish Date - September 23, 2023 / 08:50 PM IST,
    Updated On - September 23, 2023 / 08:50 PM IST

श्रीनगर, 23 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव कब होंगे, यह निर्वाचन आयोग को तय करना है।

उधमपुर से लोकसभा सदस्य सिंह ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जम्मू कश्मीर की स्थिति में काफी सुधार हुआ है।

सिंह ने यहां एक कार्यक्रम के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह निर्वाचन आयोग को तय करना है कि चुनाव कब कराया जाएगा। जहां तक भाजपा का सवाल है, वह हर चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है – चाहे वह पंचायत हो, विधानसभा हो या संसद के चुनाव हों।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में केंद्रीय राज्य मंत्री सिंह ने यह भी कहा, ‘‘इतने सालों से (जम्मू कश्मीर में) पथराव की कोई घटना नहीं हुई है। सड़कों पर चलते समय मुठभेड़ नहीं होती है। पर्यटन की स्थिति यह है कि हाउसबोट और होटल पर्यटकों से भरे रहते हैं।’’

सिंह ने कहा कि भारत की विकास गाथा में जम्मू कश्मीर की महत्वपूर्ण भूमिका है क्योंकि यह अगले 25 वर्ष में एक शक्तिशाली देश के रूप में उभरेगा, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्पना की है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री कहते हैं कि भारत अगले 25 वर्षों में दुनिया में एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभरेगा और विकास की उस यात्रा में जम्मू कश्मीर की महत्वपूर्ण भूमिका है।’’

भाषा अमित माधव

माधव