भाजपा ने नितिन नवीन के पहले जम्मू दौरे की तैयारियों की समीक्षा की
भाजपा ने नितिन नवीन के पहले जम्मू दौरे की तैयारियों की समीक्षा की
जम्मू, पांच जुलाई (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के सोमवार को होने वाले जम्मू के पहले दो दिवसीय दौरे से पूर्व पार्टी ने उनके कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए यहां कई समीक्षा बैठकें की हैं।
इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेताओं, निर्वाचित प्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें शामिल हैं।
भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा ने बताया कि दौरे के दौरान नवीन मिश्रीवाला में एक सभा को संबोधित करेंगे और साथ ही यहां कन्वेंशन सेंटर में युवा कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे।
व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करने वाले शर्मा ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष भारतीय जनसंघ के नेताओं श्यामा प्रसाद मुखर्जी और प्रेम नाथ डोगरा को भी पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
शर्मा ने कहा, ‘‘हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा हर कार्यकर्ता में जोश भरेगा तथा जम्मू-कश्मीर में भाजपा के संगठनात्मक आधार को और मजबूत करेगा। हर कार्यकर्ता को इस दौरे को यादगार और ऐतिहासिक बनाने में योगदान देना चाहिए, जो राष्ट्रवाद, सुशासन एवं जनसेवा के प्रति भाजपा की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता हो।’’
इस बीच, बिहारी समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने शर्मा से मुलाकात की और नवीन को सम्मानित करने का अवसर मांगा।
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप

Facebook


