भाजपा ने कांग्रेस से लोकसभा सीट छीनी, महाराष्ट्र की जीत से राज्यसभा में बहुमत की संभावना बढ़ी

भाजपा ने कांग्रेस से लोकसभा सीट छीनी, महाराष्ट्र की जीत से राज्यसभा में बहुमत की संभावना बढ़ी

भाजपा ने कांग्रेस से लोकसभा सीट छीनी, महाराष्ट्र की जीत से राज्यसभा में बहुमत की संभावना बढ़ी
Modified Date: November 23, 2024 / 10:33 pm IST
Published Date: November 23, 2024 8:06 pm IST

नयी दिल्ली, 23 नवंबर (भाषा)भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस से एक लोकसभा सीट छीन ली, जिसके बाद कांग्रेस की सीटों की संख्या घटकर 98 रह गई।

महाराष्ट्र में शानदार जीत से सत्तारूढ़ गठबंधन की राज्यसभा में भी संभावनाएं बढ़ेंगी। महाराष्ट्र राज्यसभा सीटों की सबसे अधिक संख्या के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है।

भाजपा ने इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव में 240 सीट जीती थीं। शनिवार को नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में जीत के बाद 543 सदस्यीय लोकसभा में पार्टी के सदस्यों की संख्या 241 हो गई है। नांदेड़ उपचुनाव 26 अगस्त को कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के कारण कराया गया है।

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में 99 सीट जीती थीं, जिसमें से दो सीटों उत्तर प्रदेश की रायबरेली और केरल की वायनाड सी से पार्टी के नेता राहुल गांधी को जीत मिली थी। उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी, जहां से शनिवार को उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा ने जीत दर्ज की।

वायनाड जीतने और नांदेड़ हारने के बाद, लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या अब 98 हो गई है।

पश्चिम बंगाल की बशीरहाट सीट अब लोकसभा में एकमात्र रिक्त सीट है। तृणमूल कांग्रेस के सांसद एसके नूरुल इस्लाम का 25 सितंबर को निधन हो गया था। हालांकि, इस सीट पर उपचुनाव नहीं हो सका क्योंकि कलकत्ता उच्च न्यायालय में इस्लाम के खिलाफ चुनाव से संबंधित याचिका लंबित है।

महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की भारी जीत ने राज्यसभा में भी बहुमत हासिल करने की उसकी उम्मीदें बढ़ा दी है। महाराष्ट्र से राज्यसभा के 19 सदस्य निर्वाचित होते हैं। फिलहाल उच्च सदन में महाराष्ट्र से भाजपा के सात सदस्य हैं, जबकि कांग्रेस के तीन, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के एक, उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (उबाठा) के दो, अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के तीन, राकांपा (शरदचंद्र पवार) के दो और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) का एक सदस्य है।

राज्यसभा में भाजपा के 95 सांसद हैं। सहयोगी दलों को मिलाकर यह संख्या 112 हो जाती है। इसके अलावा, छह मनोनीत सदस्य हैं जो सत्तारूढ़ पार्टी का समर्थन करते हैं।

लोकसभा और राज्यसभा दोनों में सबसे ज्यादा सांसद उत्तर प्रदेश से होते हैं, उसके बाद महाराष्ट्र का स्थान आता है।

महाराष्ट्र से फिलहाल राज्यसभा की कोई सीट रिक्त नहीं है, लेकिन विभिन्न अन्य राज्यों की 10 सीट रिक्त हैं, जिनमें से आधे से ज्यादा भाजपा के पास जाने की संभावना है। मनोनीत सदस्यों के लिए भी चार सीट रिक्त हैं।

भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 245 सदस्यीय सदन में आसानी से आधे से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान है।

भाषा जोहेब धीरज

धीरज


लेखक के बारे में

A journey of 10 years of extraordinary journalism.. a struggling experience, opportunity to work with big names like Dainik Bhaskar and Navbharat, priority given to public concerns, currently with IBC24 Raipur for three years, future journey unknown