‘वंदे मातरम्’ के अपमान के खिलाफ भाजपा की बंगाल इकाई ने कोलकाता, सिलीगुड़ी में प्रदर्शन किया
‘वंदे मातरम्’ के अपमान के खिलाफ भाजपा की बंगाल इकाई ने कोलकाता, सिलीगुड़ी में प्रदर्शन किया
कोलकाता, 16 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई ने नयी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के प्रति कथित तौर पर ‘अनादर’ दिखाए जाने के खिलाफ रविवार को कोलकाता और सिलीगुड़ी में विरोध रैलियां निकालीं।
भाजपा युवा मोर्चा के राज्य अध्यक्ष और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंद्रनील खान ने मध्य कोलकाता के एस्प्लेनेड से मौलाली तक एक रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी पर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की इस प्रतिष्ठित रचना वंदे मातरम् का अपमान करने का आरोप लगाया।
खान ने रैली के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ महज एक गीत नहीं है, बल्कि यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम और जनभावनाओं से गहराई से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘पश्चिम बंगाल भारत के स्वतंत्रता संग्राम का उद्गम स्थल है। इसी धरती पर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने अमर गीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना की थी।’
खान ने आरोप लगाया कि गायन के दौरान राहुल गांधी के हाव-भाव और उसके बाद सोनिया गांधी का कार्यक्रम स्थल से चले जाना राष्ट्रीय गीत तथा इससे प्रेरणा लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का ‘घोर अनादर’ है।
भाजपा का यह विरोध उस घटना के एक दिन बाद आया है जब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नयी दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण संस्करण के गायन पर आपत्ति जताने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने हालांकि इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
कांग्रेस का कहना है कि ‘वंदे मातरम्’ के पूरे संस्करण के गायन में बाधा डालने या उसे रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया था।
पार्टी के अनुसार, सोनिया पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी लाने के लिये कह रही थीं, क्योंकि वह काफी देर से खड़े थे।
इस विवाद ने पश्चिम बंगाल में एक व्यापक राजनीतिक रूप अख्तियार कर लिया है। यहां भाजपा ने सोनिया गांधी से माफी की मांग की है और इसी के साथ पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
भाजपा नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने भी इस कथित घटना की निंदा की जबकि पार्टी नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि राष्ट्रीय गीत से जुड़े नियमों के अनुसार ‘वंदे मातरम्’ के पूरे गायन का सम्मान किया जाना चाहिए।
चटर्जी ने कहा, ‘देश भर में यह नियम और कानून है कि वंदे मातरम्’ का संपूर्ण गायन होना चाहिए। दुर्भाग्य से, वे (कांग्रेस) देश के नियमों का भी पालन नहीं करते हैं।’
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


