सुरक्षा एवं आराम को तरजीह देते हुए ब्लू लाइन मेट्रो का नवीनीकरण किया जा रहा : डीएमआरसी
सुरक्षा एवं आराम को तरजीह देते हुए ब्लू लाइन मेट्रो का नवीनीकरण किया जा रहा : डीएमआरसी
नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) यात्रियों की सुरक्षा, आराम और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो की सबसे पुरानी ‘ब्लू लाइन’ पर चलने वाली मेट्रो का नवीनीकरण शुरू किया जा रहा है। डीएमआरसी ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
डीएमआरसी ने बताया कि इस पहल के तहत, वह अपनी सबसे पुरानी रेलगाड़ियों (आरएस-1) का उन्नयन कर रही है। इसने बताया कि इनमें से कई को 2002 और 2007 के बीच सेवा में शामिल किया गया था तथा अब लगभग दो दशक का कार्यकाल पूरी कर चुकी हैं।
बयान के मुताबिक, इन रेलगाड़ियों को मौजूदा तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाने के लिए ये उन्नयन किए जा रहे हैं। ‘ब्लू और रेड’ लाइनों पर चलने वाली कुल 70 रेलगाड़ियों का चरणबद्ध तरीके से नवीनीकरण किया जा रहा है।
पहले चरण में 12 रेलगाड़ियों का और दूसरे चरण में 18 रेलगाड़ियों का नवीनीकरण किया गया।
बयान में कहा गया कि बाकी रेलगाड़ियों के उन्नयन का काम जल्द ही शुरू होगा। तीसरे चरण में नवंबर 2027 तक ब्लू लाइन की 22 और मेट्रो रेलगाड़ियों का नवीनीकरण किया जाना है।
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने हाल ही में तीसरे चरण के तहत नवीनीकृत पहली रेलगाड़ी का यात्रियों की सेवा में शामिल करने से पहले निरीक्षण किया।
इस नवीनीकरण कार्यक्रम के तहत आंतरिक साज-सज्जा और महत्वपूर्ण प्रणालियों में सुधार शामिल हैं। डिब्बों और चालक केबिन को टूट-फूट से बचाने के लिए फिर से रंगा जा रहा है, जबकि विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए विद्युत पैनलों को अद्यतन किया जा रहा है।
बयान के मुताबिक, रास्ते, स्टेशन पर आगमन और अन्य यात्रा संबंधी जानकारी वास्तविक समय में देने के लिए ‘आईपी-आधारित’ यात्री घोषणा और सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे और एलसीडी-आधारित गतिशील मार्ग मानचित्र जैसी नई सुविधाएं स्थापित की गई हैं।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


