वियतनाम में नाव हादसे में मारे गए तमिलनाडु के 10 लोगों के शव चेन्नई और कोयंबटूर लाए गए

वियतनाम में नाव हादसे में मारे गए तमिलनाडु के 10 लोगों के शव चेन्नई और कोयंबटूर लाए गए

वियतनाम में नाव हादसे में मारे गए तमिलनाडु के 10 लोगों के शव चेन्नई और कोयंबटूर लाए गए
Modified Date: July 14, 2026 / 01:54 pm IST
Published Date: July 14, 2026 1:54 pm IST

चेन्नई, 14 जुलाई (भाषा) वियतनाम में स्पीडबोट हादसे में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के 10 लोगों के पार्थिव शरीर लेकर आए विमान मंगलवार सुबह क्रमशः चेन्नई और कोयंबटूर हवाई अड्डों पर पहुंचे।

इन पार्थिव शरीरों को मुंबई से विमान के जरिए लाया गया।

चेन्नई हवाई अड्डे पर उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला जब शोकाकुल परिजनों ने हादसे में जान गंवाने वाले अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर प्राप्त किए।

हादसे में मारे गए 15 भारतीयों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के निवासी थे।

मृतकों में से एक के रिश्तेदार प्रभाकरन ने अपने 49 वर्षीय परिजन की अचानक मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।

उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि परिवार अभी भी इस त्रासदी से उबरने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उन्हें इस बात की राहत है कि पार्थिव शरीर बिना किसी प्रशासनिक कठिनाई के स्वदेश लाया गया और उन्हें सौंप दिया गया।

प्रभाकरन ने तमिलनाडु सरकार, मुख्यमंत्री जोसेफ सी. विजय, टीवीके के वेल्लोर विधायक विनोद, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संतोष कुमार और वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास के एक अधिकारी का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

पार्थिव शरीरों के ताबूत 13 जुलाई की रात साढ़े नौ बजे हो ची मिन्ह सिटी से वियतनाम एयरलाइंस के विमान से मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाए गए। वहां से उन्हें तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल स्थित उनके गृह राज्यों के लिए रवाना किया गया।

चेन्नई में अंतरराष्ट्रीय कार्गो परिसर में तमिलनाडु पुलिस के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संतोष कुमार और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वप्निल थोराट सहित वरिष्ठ अधिकारी पार्थिव शरीरों की निगरानी के लिए मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय आयात भारी कार्गो शेड में सीमा शुल्क (कस्टम) संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ताबूतों को घरेलू कार्गो केंद्र भेजा गया।

तमिलनाडु के मृतकों के पार्थिव शरीर मंगलवार तड़के विभिन्न उड़ानों से चेन्नई और कोयंबटूर भेजे गए, जबकि आंध्र प्रदेश और केरल के मृतकों के पार्थिव शरीर क्रमशः हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम भेजे गए।

वियतनाम के समाचार पोर्टल ‘वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल’ के अनुसार, फू क्वोक द्वीप के निकट होन मे रुत नगोई क्षेत्र के पास 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार स्थानीय सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट गई थी। इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में