राजस्थान : अजमेर में लापता दो लोगों के शव कुएं से बरामद, हत्या की आशंका
राजस्थान : अजमेर में लापता दो लोगों के शव कुएं से बरामद, हत्या की आशंका
जयपुर, 30 मार्च (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में एक गांव से लापता हुए दो लोगों के शव सोमवार को एक कुएं से बरामद किए गए। पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिए गए।
पुलिस के अनुसार यह घटना जिले के भिनाय क्षेत्र के जैतपुरा गांव की है। स्थानीय लोगों को इलाके में दुर्गंध आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की। तलाशी के दौरान कुएं से सुरेंद्र (26) और विष्णु (16) के शव बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि दोनों 20 मार्च की शाम मोटरसाइकिल से घर से निकले थे, जिसके बाद से वे लापता थे। अगले दिन उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला मारपीट के बाद हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का प्रतीत होता है। मामले की जांच के लिए अजमेर से फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


