उत्तर प्रदेश के नोएडा में दो अज्ञात लोगों के शव मिले, पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के नोएडा में दो अज्ञात लोगों के शव मिले, पुलिस जांच में जुटी
नोएडा, 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के अलग-अलग स्थानों से दो अज्ञात लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास 16 अगस्त की रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है और उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है। शव के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में ‘संजू’ लिखा हुआ है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास 16 अगस्त की रात एक और अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया ।
उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष है और उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं । पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि दोनों घटनाओं के आसपास मौजूद लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं तान्या रंजन
रंजन

Facebook


