पंजाब के जालंधर में शाह की रैली से पहले बम धमकी वाला ईमेल मिला

Ads

पंजाब के जालंधर में शाह की रैली से पहले बम धमकी वाला ईमेल मिला

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 11:57 AM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 11:57 AM IST

जालंधर, 30 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बुधवार को यहां होने वाली रैली से पहले स्कूलों, रैली स्थल, देवी तालाब मंदिर और अदालत परिसर को निशाना बनाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईमेल का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है और इसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

अमित शाह के जालंधर दौरे के मद्देनजर रैली स्थल और देवी तालाब मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

शाह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन के अवसर पर जालंधर के परागपुर गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। 18 सितंबर को शुरू हुई यह यात्रा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी और करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद मंगलवार को जालंधर पहुंची।

पुलिस ने बताया कि बम की धमकी वाले ईमेल में स्कूलों, रैली स्थल, देवी तालाब मंदिर और अदालत परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई है।

यह ताजा धमकी पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों से हाल के महीनों में मिली ऐसी ही धमकियों के बाद मिली है। बाद में जांच में ऐसे ईमेल फर्जी पाए गए थे।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा