नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) दिल्ली के कई विद्यालयों को शुक्रवार को ई-मेल के जरिये बम की धमकी मिली, जिसे बाद में फर्जी घोषित कर दिया गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारी ने उन स्कूल के नाम की पुष्टि जिन्हें धमकी मिली थी। अधिकारी के अनुसार इनके नाम द्वारका में मैक्सफोर्ट स्कूल, पीतमपुरा में क्रिसेंट स्कूल और नजफगढ़ में कांत दर्शन स्कूल हैं।
दिल्ली में बम की धमकियों का सिलसिला जारी है और इस साल अब तक 100 से अधिक संस्थानों को इस तरह के धमकी वाले ईमेल मिल चुके हैं। पिछले पांच दिनों में यह चौथी घटना है जब विद्यालयों को ‘टेरराइज़र्स111’ नाम के एक ग्रुप से ऐसा ईमेल मिला है।
धमकियों की सूचना मिलने के बाद, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड सहित दिल्ली पुलिस की कई टीम विद्यालयों में पहुंचीं। पुलिस द्वारा धमकियों के फर्जी होने की पुष्टि होने से पहले, प्रत्येक स्कूल परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘तलाशी अभियान पूरा हो गया है और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।’’
उन्होंने बताया कि साइबर फोरेंसिक दलों ने संदेश भेजने वाले का आईपी एड्रेस पता लगाने का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, डीएफएस को सुबह 7.05 बजे द्वारका सेक्टर 7 स्थित मैक्सफोर्ट स्कूल में बम की धमकी की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इमारत को खाली करा लिया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्तों और दमकल गाड़ियों ने गहन जांच की। उन्होंने बताया कि बाद में द्वारका स्कूल में मिली धमकी को अफवाह घोषित कर दिया गया।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश