कोलकाता, 20 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में ब्राउन शुगर और जाली मुद्रा नोट बरामद होने के बाद एक स्कूल शिक्षक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बुधवार रात नागराकाटा के नंदू मोड़ इलाके में एक घर पर संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान उनके कब्जे से 67 ग्राम ब्राउन शुगर और जाली नोट बरामद किए गए तथा दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए शिक्षक की पहचान रंजीत कुमार सिकदर के रूप में हुई है। वह किराये के मकान में रह रहा था और नागराकाटा क्षेत्र के एक जूनियर हाई स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। उन्होंने बताया कि उसका कथित सहयोगी बिराज महतो कूचबिहार जिले के पुंडीबाड़ी का निवासी है।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव