मेरठ में बुजुर्ग की झुलसने से मौत, पुलिस ने हमले के आरोपों को किया खारिज

Ads

मेरठ में बुजुर्ग की झुलसने से मौत, पुलिस ने हमले के आरोपों को किया खारिज

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 11:09 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 11:09 PM IST

मेरठ (उत्तर प्रदेश), 20 अगस्त (भाषा) मेरठ जिले के एक गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलसे 74 वर्षीय एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक जगबीर पिछले करीब 20 वर्षों से राफन गांव के पास स्थित एक पीर स्थल में रह रहे थे।

गंभीर रूप से झुलसने के बाद जगबीर को बुधवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

सोशल मीडिया पर सामने आई खबरों में दावा किया गया कि जगबीर ने कुछ लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था। इन खबरों में यह भी कहा गया था कि उन्होंने एक मूक-बधिर महिला को कुछ लोगों द्वारा जबरन ले जाने की शिकायत की थी, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।

हालांकि, मवाना के क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज लवानिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि जगबीर ने 19 अगस्त को खुद ही कथित तौर पर आग लगा ली थी।

अधिकारी के मुताबिक, जगबीर मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और नशा भी करते थे। वे अक्सर लोगों से अभद्रता से बात करते थे।

पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच से यही संकेत मिलता है कि जगबीर ने खुद को आग लगाई थी।

भाषा सं जफर खारी

खारी