बजट सत्र: विपक्षी दल लोकसभाध्यक्ष के खिलाफ नोटिस पर संयुक्त रणनीति तैयार करेंगे
बजट सत्र: विपक्षी दल लोकसभाध्यक्ष के खिलाफ नोटिस पर संयुक्त रणनीति तैयार करेंगे
नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) कांग्रेस नेतृत्व ने रविवार को एक महत्वपूर्ण संसदीय रणनीति समूह की बैठक आयोजित की और संसद के बजट सत्र के दौरान संयुक्त रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया।
यह बैठक कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर हुई।
कांग्रेस नेता सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होने से पहले सोमवार को राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में संयुक्त विपक्ष की महत्वपूर्ण बैठक होगी।
बैठक में नेतागण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए विपक्ष द्वारा पेश प्रस्ताव पर साझा रणनीति बनाने के लिए चर्चा करेंगे।
विभिन्न विपक्षी दल पश्चिम एशिया संकट और भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौता सहित प्रमुख मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर भी फैसला करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, एकजुट विपक्ष महंगाई और हाल ही में रसोई गैस की कीमत में हुई बढ़ोतरी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।
संसदीय रणनीति समूह की बैठक के बाद, हुसैन ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने, लद्दाख पर सरकार का रुख और ग्रेट निकोबार परियोजना पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश और पर्यावरण पर इसके प्रभाव जैसे मुद्दों को भी सत्र के दौरान उठाया जाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दल चर्चा में भाग लेंगे और प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि संसदीय परंपराओं का पालन किया जाना चाहिए और पार्टी सदन में विपक्षी सांसदों को ‘बोलने की अनुमति नहीं दिए जाने’ का मुद्दा उठाएगी।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


