छत्तीसगढ़ में हमलावरों ने व्यापारी की गोली मारकर हत्या की, गहने लूटे

छत्तीसगढ़ में हमलावरों ने व्यापारी की गोली मारकर हत्या की, गहने लूटे

छत्तीसगढ़ में हमलावरों ने व्यापारी की गोली मारकर हत्या की, गहने लूटे
Modified Date: May 27, 2026 / 10:40 am IST
Published Date: May 27, 2026 10:40 am IST

पेंड्रा (छत्तीसगढ़), 27 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के एक साप्ताहिक बाजार में गहना व्यापारी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी और उसके सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर शाम कोटमी गांव के साप्ताहिक बाजार में हुई, जब व्यापारी प्रदीप सोनी (46) बाजार बंद होने के बाद गहनों को थैले में रख रहा था।

अधिकारी ने बताया कि सोनी पेंड्रा शहर का रहने वाला था और वहीं एक गहनों की दुकान चलाता था। वह गहने बेचने के लिए बाजार गया था, जो वहां से लगभग 16 किलोमीटर दूर है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन मोटरसाइकिल सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और बाजार खत्म होने के बाद उससे कीमती सामान लूटने की कोशिश की।

अधिकारी ने बताया कि जब सोनी ने लूट की कोशिश का विरोध किया, तो हमलावरों ने भीड़ भरे बाजार के बीच गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई तथा आरोपी गहने लूटकर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग घायल व्यापारी को पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश जारी हैं।

मृतक के परिवार वालों ने दावा किया है कि हमलावरों ने करीब 50 लाख रुपये के गहने लूटे, जिनमें सोने और चांदी के आभूषण शामिल हैं।

जिले के सबसे बड़े साप्ताहिक बाजारों में से एक में हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी गुस्सा फैल गया, जिन्होंने इसके विरोध में बुधवार को बंद रखा है।

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं, जहां शव रखा गया है। मृतक के परिवार वाले पोस्टमार्टम कराने से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

भाषा सं संजीव रंजन

रंजन


लेखक के बारे में