जम्मू कश्मीर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान अब क्रांति का रूप ले रहा है : उपराज्यपाल
जम्मू कश्मीर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान अब क्रांति का रूप ले रहा है : उपराज्यपाल
श्रीनगर, 13 मई (भाषा) उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान ने मादक पदार्थों की तस्करी के तंत्र को करारा झटका दिया है और यह जन आंदोलन मादक पदार्थों के खिलाफ क्रांति में तब्दील हो रहा है।
‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान’ नामक यह मुहिम बुधवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पहुंची जहां सिन्हा ने सरकारी बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल से कुपवाड़ा के मुख्य चौक तक पदयात्रा का नेतृत्व किया। छात्रों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने इस पदयात्रा में भाग लिया।
सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘कुपवाड़ा में आज मैंने ‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान’ के तहत पदयात्रा में भाग लिया और एक सभा को संबोधित किया। पिछले 32 दिनों में हमने मादक पदार्थों की तस्करी के पूरे तंत्र को करारा झटका दिया है और यह जन आंदोलन मादक पदार्थों के खिलाफ क्रांति में बदल रहा है।’
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा की जा रही निरंतर कार्रवाई से ‘नार्को आतंकवादी तंत्र’ पंगु हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘करोड़ों की संपत्ति जब्त की गई है, परिसंपत्तियां कुर्क की गई हैं और 15 तस्करों के पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश की गई है। 730 से अधिक तस्करों और मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।’
इस अभियान की शुरुआत जम्मू में 11 अप्रैल को उपराज्यपाल के नेतृत्व में एम. ए. स्टेडियम से एक विशाल पदयात्रा निकालने के साथ की गयी थी।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


