कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष पर हमले के मामले में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष पर हमले के मामले में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मंगलुरु, 13 मई (भाषा) कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में विरोध प्रदर्शन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर पर कथित हमले के संबंध में 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सात मई को उस समय हुई जब खादर मंगलुरु के निकट उल्लाल में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लौट रहे थे कि तभी प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने उनके काफिले को रोकने की कोशिश की और खादर के खिलाफ नारे लगाए।
विधानसभा अध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी मोहम्मद यासीन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि लोगों के एक समूह ने कुत्तार थानाक्षेत्र के बापुनी सरकारी अतिथि गृह के सामने खादर के काफिले को रोका और सुरक्षाकर्मियों को धक्का दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शनकारी कुछ मुद्दों पर बात करने की अनुमति मांग रहे थे।
यासीन ने शिकायत में दावा किया कि चूंकि उस दिन पहले ही रात के 10:30 बज चुके थे इसलिए उन्हें विधानसभा अध्यक्ष से नहीं मिलने दिया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी खादर द्वारा हाल ही में एक जनसभा में कथित तौर पर की गई टिप्पणियों को लेकर नाराज थे और प्रदर्शनकारियों के काफिले वाले मार्ग पर एकत्रित होने से थोड़ी देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।
उल्लाल थाने में मदनी नगर निवासी जुनैद और 10 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी।
अधिकारी ने बताया कि कुछ आरोपियों की पहचान वीडियो फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर की गई तथा इस विरोध प्रदर्शन में शामिल शेष लोगों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में विधानसभा अध्यक्ष के आवागमन को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


