शुभेंदु के सहयोगी की हत्या से संबंधित मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची सीबीआई टीम

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या से संबंधित मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची सीबीआई टीम

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या से संबंधित मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची सीबीआई टीम
Modified Date: May 13, 2026 / 05:24 pm IST
Published Date: May 13, 2026 5:24 pm IST

कोलकाता, 13 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या से संबंधित मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार को एक बार फिर उत्तर 24 परगना जिले में स्थित घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मामले की जांच का जिम्मा संभालने के बाद से टीम दूसरी बार घटनास्थल पर पहुंची है।

सीबीआई ने राज्य सरकार के अनुरोध पर सोमवार को पुलिस से मामले की जांच की जिम्मेदारी ली और प्राथमिकी दर्ज करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों का सात सदस्यीय जांच दल गठित किया।

घटनास्थल पर पहुंची सीबीआई टीम के पास आधुनिक 3डी स्कैनर थे, जिससे यह पता चलता है कि मामले की तकनीकी स्तर पर जांच की जा रही है।

सूत्रों ने कहा कि घटनास्थल का डिजिटल मानचित्र बनाने के लिए स्कैनरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे जांचकर्ताओं को हत्या के घटनाक्रम के बारे में जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।

टीम कई घंटे घटनास्थल पर रही और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।

हत्या के मामले में अब तक उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक शार्प शूटर भी शामिल है। उनकी पहचान मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह के रूप में हुई है।

जांचकर्ता पूरी साजिश का पता लगाने और सरगना की पहचान के लिए उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

छह मई की रात कोलकाता हवाई अड्डे से लगभग सात किलोमीटर दूर मध्यमग्राम के दोहड़िया लेन में गोली मारकर रथ की हत्या कर दी गई थी। भाजपा नेताओं ने इसे “साजिशन हत्या” बताया है।

भाषा

जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में