सीडीएस जनरल चौहान ने सीबीआरएन सम्मेलन का उद्घाटन किया

Ads

सीडीएस जनरल चौहान ने सीबीआरएन सम्मेलन का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 10:07 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 10:07 PM IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत को प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों के लिए स्वदेशी रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजी संबंधी और परमाणु (सीबीआरएन) रक्षा उपकरणों के साथ तैयार रहना चाहिए।

जनरल चौहान रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा आयोजित एक सीबीआरएन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘सीबीआरएन को खतरे के बजाय एक ऐसे वातावरण के रूप में समझें जिसमें हमें रहने और काम करने के लिए खुद को तैयार करना चाहिए।’’

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ने सीबीआरएन रक्षा प्रौद्योगिकियों में आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में डीआरडीओ द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हवाला देते हुए जनरल चौहान ने कहा कि भारत ‘‘परमाणु धमकी से नहीं डरता’’।

उन्होंने प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों के लिए स्वदेशी, अत्याधुनिक सीबीआरएन रक्षा उपकरणों के साथ तैयार रहने की आवश्यकता पर जोर दिया, साथ ही सैन्य और नागरिक असैन्य प्रतिष्ठानों के साथ तालमेल बिठाकर समन्वित अभियानों को अंजाम देने के लिए सुस्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल पर भी बल दिया।

जनरल चौहान ने दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद ये टिप्पणियां कीं।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव