केजरीवाल के घर पर जश्न; खुशी से नाचते कार्यकर्ताओं ने लड्डू और गुझिया बांटी
केजरीवाल के घर पर जश्न; खुशी से नाचते कार्यकर्ताओं ने लड्डू और गुझिया बांटी
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिरोज शाह रोड पर पांचवे नंबर के जिस बंगले में कभी माहौल शांत रहता था वहां शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आबकारी मामले में आरोपमुक्त होने के बाद जश्न मनाया गया ।
इस बंगले में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता ढोल की थाप पर नाच रहे थे । वरिष्ठ नेता तथा पार्टी विधायक ‘अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे। लोगों को लड्डू और गुझिया बांटे जा रहे थे।
बंगले के अंदर, केजरीवाल अपनी पत्नी और बच्चों को गले लगाते हुए भावुक नजर आए। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी इस जश्न में मौजूद थे। उन्हें भी इस मामले में आरोपमुक्त किया गया है।
एक पार्टी कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘आज जश्न मनाने का दिन है, सत्य और ईमानदारी की जीत हुई है। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने ईडी के माध्यम से जो फर्जी मामला बनाने की कोशिश की थी, उसका पर्दाफाश हो गया है।’’
यहां 1 पं. रविशंकर शुक्ला लेन पर स्थित आप कार्यालय में भी धीरे-धीरे आगंतुकों की संख्या बढ़ती नजर आयी। पार्टी कार्यकर्ता एक दूसरे को गुलाल लगाते हुए कह रहे थे, ‘‘होली जल्दी आ गई है।’’
इससे पहले दिन में, भावुक केजरीवाल ने दावा किया कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला स्वतंत्र भारत के इतिहास की ‘सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश’ है। दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें राजनीतिक रूप से सनसनीखेज शराब नीति मामले में आरोपमुक्त कर दिया है।
अदालत के फैसले के बाद, केजरीवाल पत्रकारों से बात करते हुए भावुक हो गए। फैसला सुनाये जाने के समय आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल अदालत में मौजूद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘अदालत ने साबित कर दिया है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी ‘कट्टर ईमानदार’ हैं।’’ केजरीवाल के साथ सिसोदिया भी थे।
दिल्ली की एक अदालत ने सीबीआई के आरोपपत्र का संज्ञान लेने से इनकार करते हुए, आबकारी नीति से संबंधित भ्रष्टाचार मामले में दोनों नेताओं को बरी कर दिया।
भाषा राजकुमार मनीषा
मनीषा

Facebook


