त्रिपुरा में 17 जुलाई से शुरू होगी जनगणना 2027
त्रिपुरा में 17 जुलाई से शुरू होगी जनगणना 2027
अगरतला, 28 अप्रैल (भाषा) त्रिपुरा में ‘जनगणना-2027’ का पहला चरण औपचारिक रूप से 17 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह सूचना दी।
जनगणना संचालन निदेशक रतन बिस्वास के मुताबिक, राज्य में गणना प्रक्रिया के पहले चरण में दो पड़ाव होंगे। 17 से 31 जुलाई तक होने वाले पहले पड़ाव के तहत नागरिक स्व-गणना कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि दूसरा पड़ाव 1 से 31 अगस्त तक होगा, जिसमें गणना कर्मी घरों का दौरा कर विवरण एकत्र कर मोबाइल फोन में संग्रहित करेंगे, जो मुख्य सर्वर पर चला जाएगा।
उनके अनुसार, 45 दिनों (15+30) की इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए लगभग 11,000 गणनाकर्मी एवं पर्यवेक्षक कार्यरत होंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए, सोमवार को राज्य के प्रज्ञा भवन में जनगणना-2027 पर एक राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें सभी आठ जिलों के जिला मजिस्ट्रेट सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बिस्वास के मुताबिक, जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने जिलों के मुख्य जनगणना अधिकारी के तौर पर और अपर जिला मजिस्ट्रेट तथा उप-विभागीय मजिस्ट्रेट भी गणना से जुड़े कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल होगी, जिसमें हस्ताक्षर या कागजी कार्रवाई का कोई प्रावधान नहीं होगा।
भाषा मनीषा
मनीषा

Facebook


