बंगाल चुनाव के बाद भाजपा के सत्ता में आने पर भी सात दिन तक तैनात रहेंगे केंद्रीय सुरक्षा बल: शाह
बंगाल चुनाव के बाद भाजपा के सत्ता में आने पर भी सात दिन तक तैनात रहेंगे केंद्रीय सुरक्षा बल: शाह
कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने पर भी कम से कम सात दिन तक केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।
उन्होंने मतदाताओं से बिना डर के वोट डालने की अपील की।
शाह बेहाला में रोड शो का नेतृत्व करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। राज्य में विधानसभा चुनाव के तहत बेहाला में 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण का मतदान होना है।
उन्होंने कहा, “भाइयों और बहनों, 29 तारीख को जाकर वोट डालें, गुंडों से डरने की जरूरत नहीं है। निर्वाचन आयोग ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और मैं आपको बता दूं कि भले ही भाजपा सत्ता में आए, केंद्रीय बल यहां सात दिन तक तैनात रहेंगे।”
बेहाला पूर्व और बेहाला पश्चिम सीट से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार के अंतिम दिन यह रोड शो आयोजित किया गया। इस दौरान दक्षिण कोलकाता का यह इलाका भगवा रंग में रंगा नजर आया।
खुले वाहन पर सवार शाह ने समर्थकों का अभिवादन किया। इस दौरान भाजपा समर्थक “जय श्री राम” तथा “भारत माता की जय” के नारे लगाते रहे।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा

Facebook


