केंद्र ने पंजाब में कादियां-ब्यास रेलवे लाइन के लिए 1,419 करोड़ रुपये मंजूर किए: रवनीत बिट्टू
केंद्र ने पंजाब में कादियां-ब्यास रेलवे लाइन के लिए 1,419 करोड़ रुपये मंजूर किए: रवनीत बिट्टू
चंडीगढ. 16 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को कहा कि केंद्र ने पंजाब में 39.68 किलोमीटर लंबी कादियां-ब्यास नई ‘ब्रॉडगेज’ रेलवे लाइन के लिए 1,419.05 करोड़ रुपये के विस्तृत अनुमान को मंजूरी दे दी।
बिट्टू ने इसे पंजाब के लिए बड़ी उपलब्धि और माझा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि इस लंबित परियोजना को आगे बढ़ाने से गुरदासपुर जिले के कादियां को अमृतसर जिले के ब्यास से 39.68 किलोमीटर लंबे ब्रॉडगेज रेल गलियारे के जरिए जोड़ा जाएगा।
बिट्टू ने कहा कि रेलवे लाइन को फिर से शुरू कराने और वर्षों से लंबित इस परियोजना पर लगी रोक हटाने के प्रयासों के बाद मिली यह मंजूरी एक बड़ी सफलता है।
बिट्टू ने कहा, “मैंने व्यक्तिगत रूप से इस लंबित परियोजना को आगे बढ़वाया और यह सुनिश्चित किया कि वर्षों से अटकी कादियां-ब्यास रेल लाइन पर लगी रोक हटे तथा इसे फिर से सक्रिय विचार के लिए लाया जाए।”
उन्होंने कहा कि कादियां-ब्यास रेलवे परियोजना का इतिहास इस हालिया मंजूरी को खास तौर पर महत्वपूर्ण बनाता है।
इस परियोजना को मूल रूप से 1928-29 में मंजूरी मिली थी। उस समय निर्माण कार्य काफी आगे बढ़ चुका था लेकिन 1930 के दशक की शुरुआत में इसे बंद कर दिया गया।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


