केंद्र ने ओसीआई कार्ड आवेदन शुल्क 275 अमेरिकी डॉलर निर्धारित किया, छह महीने के प्रवास का नियम समाप्त
केंद्र ने ओसीआई कार्ड आवेदन शुल्क 275 अमेरिकी डॉलर निर्धारित किया, छह महीने के प्रवास का नियम समाप्त
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) सरकार ने ओवरसीज़ सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड के लिए आवेदन शुल्क 275 अमेरिकी डॉलर तय किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि भारत में आवेदन करने पर यह राशि भारतीय रुपये में देय होगी, जबकि विदेशों में भारतीय दूतावासों के माध्यम से आवेदन करने पर स्थानीय मुद्रा में भुगतान करना होगा।
ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की ओर से ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, विवरण में परिवर्तन के साथ ओसीआई कार्ड पुनः जारी करने, कार्डधारक के 20 वर्ष की आयु पूरी करने पर पुनः जारी करने, तथा कार्ड के परित्याग के लिए 25 अमेरिकी डॉलर का शुल्क लिया जाएगा। इसी प्रकार कार्ड के खो जाने की स्थिति में पुनः जारी करने पर 100 अमेरिकी डॉलर का शुल्क लगेगा।
अब नए ओसीआई कार्ड के लिए शुल्क 275 अमेरिकी डॉलर होगा, जिसका भुगतान आवेदन करने वाले स्थान के अनुरूप स्थानीय मुद्रा में करना होगा। अधिकारियों ने बताया कि भारत में दाखिल किए गए आवेदनों के लिए शुल्क रुपये में होगा। इससे पहले, भारत से आवेदन करने वाले पात्र आवेदकों को ओसीआई कार्ड के लिए 15,000 रुपये का भुगतान करना पड़ता था।
गृह मंत्रालय ने ओसीआई आवेदन प्रक्रिया में भी कई बदलाव किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि 12 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों के लिए भारत में लगातार छह महीने रहने की अनिवार्य शर्त को अब समाप्त कर दिया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ओसीआई आवेदन जमा करने के लिए अब छह महीने का प्रवास अनिवार्य नहीं है।’’
अधिकारियों के अनुसार, आवेदकों के पास भौतिक रूप से आवेदन जमा करने की तिथि पर कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट और कम से कम तीन महीने की वैधता वाला वीजा होना चाहिए।
भारतीय नागरिक या मौजूदा ओसीआई कार्डधारक से विवाह के आधार पर ओसीआई पंजीकरण के लिए आवेदन करने वालों को यह सुनिश्चित करना होगा कि विवाह पंजीकृत हो चुका हो और आवेदन की तिथि से कम से कम दो वर्ष पहले तक वैध रहा हो।
भाषा
शोभना पवनेश
पवनेश

Facebook


