अध्यक्ष ओम बिरला बृहस्पतिवार को पणजी में सीपीए इंडिया क्षेत्र सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे

अध्यक्ष ओम बिरला बृहस्पतिवार को पणजी में सीपीए इंडिया क्षेत्र सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे

अध्यक्ष ओम बिरला बृहस्पतिवार को पणजी में सीपीए इंडिया क्षेत्र सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
Modified Date: April 8, 2026 / 11:40 am IST
Published Date: April 8, 2026 11:40 am IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बृहस्पतिवार को पणजी में ‘कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन’ (सीपीए) इंडिया क्षेत्र के दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

सम्मेलन के लिए बिरला बुधवार को गोवा पहुंचेंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सीपीए के जोन-सात के इस सम्मेलन का उद्देश्य संसदीय सहयोग को मजबूत करना, सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और क्षेत्र की प्रमुख विकास प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करना है।

इसमें सम्मेलन के दो पूर्ण सत्र होंगे। पहला सत्र, नौ अप्रैल को ‘2047 तक विकसित भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने में युवा जन प्रतिनिधियों की भूमिका’ पर आधारित होगा वहीं, दूसरा सत्र 10 अप्रैल को ‘व्यापार, पर्यटन, शहरीकरण, पर्यावरण और तटीय संपर्क में ज़ोन-सात की प्राथमिकताएं’ के विषय पर केंद्रित होगा।

‘सीपीए इंडिया क्षेत्र ज़ोन-सात’ में गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभाएं शामिल हैं। वर्ष 2024 में सीपीए के भारत क्षेत्र के पुनर्गठन के बाद इसे नौ ज़ोन में बांटा गया। इसी क्रम में ज़ोन-सात का यह पहला सम्मेलन होगा।

वर्तमान में, गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष ‘सीपीए इंडिया क्षेत्र ज़ोन-सात’ के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

बयान के अनुसार, 10 अप्रैल को समापन सत्र में गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे।

इसके अलावा इसमें गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी भी गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, राजस्थान और तेलंगाना की विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारी, गोवा के केंद्रीय मंत्री और सांसद तथा तीन सदस्य राज्यों के विधायक भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे।

गोवा विधानसभा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिरला बृहस्पतिवार को सुबह 10 बज कर 40 मिनट पर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और अपराह्न 12 बज कर 10 मिनट पर इसे संबोधित करेंगे।

अधिकारी के अनुसार, कार्यक्रम का आयोजन पणजी के एक होटल में किया जाएगा, जिसमें प्रमुख शासन और विकास प्राथमिकताओं पर चर्चा के लिए पश्चिम भारत के वरिष्ठ संसदीय नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

बिरला बुधवार को गोवा पहुंचेंगे।

अधिकारी ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य अंतर-संसदीय सहयोग को मजबूत करना और क्षेत्रीय तथा राष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन सर्वोत्तम विधायी प्रथाओं के आदान-प्रदान और शासन की समकालीन चुनौतियों के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने के वास्ते एक मंच की भूमिका भी निभाएगा।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में