“हिंदू विधायक” संबंधी भाजपा उम्मीदवार के बयान का चंद्रशेखर ने किया बचाव

“हिंदू विधायक” संबंधी भाजपा उम्मीदवार के बयान का चंद्रशेखर ने किया बचाव

“हिंदू विधायक” संबंधी भाजपा उम्मीदवार के बयान का चंद्रशेखर ने किया बचाव
Modified Date: March 23, 2026 / 01:20 pm IST
Published Date: March 23, 2026 1:20 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 23 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवायुर से पार्टी के उम्मीदवार बी. गोपालाकृष्णन के “हिंदू विधायक” संबंधी बयान का सोमवार को बचाव किया और पूछा कि उनके बयान को घृणास्पद कैसे कहा जा सकता है।

चंद्रशेखर ने कहा कि गोपालकृष्णन ने किसी के खिलाफ कुछ नहीं कहा, बल्कि वह केवल यह बता रहे थे कि श्रद्धालुओं की समस्याओं के मद्देनजर गुरुवायुर जैसे निर्वाचन क्षेत्र में एक ‘आस्थावान विधायक’ की आवश्यकता है।

चंद्रशेखर ने पत्रकारों से कहा, ‘उन्होंने कहा है कि यहां एक आस्थावान विधायक की जरूरत है। यह घृणास्पद भाषण कैसे है?’

गोपालकृष्णन का बचाव करते हुए, चंद्रशेखर ने कहा कि उन्होंने लोगों से केवल यह पूछा था कि शबरिमला से सोना गायब होने की घटना और गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर से पैसे गायब होने की खबरों के बाद इस क्षेत्र में एक आस्थावान विधायक की जरूरत है या नहीं।

चंद्रशेखर ने कहा, ‘इस सवाल में क्या गलत है। मेरी समझ के अनुसार, उन्होंने केवल इतना कहा कि अच्छा होगा अगर इस निर्वाचन क्षेत्र को एक आस्थावान विधायक मिले।’

गोपालकृष्णन ने चुनाव प्रचास से संबंधित एक वीडियो में कथित रूप से कहा कि गुरुवायुर निर्वाचन क्षेत्र ने लगभग पांच दशकों में कोई ‘हिंदू विधायक’ नहीं चुना। उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर हिंदू समुदाय का उम्मीदवार नहीं उतारने का आरोप लगाया था।

भाषा जोहेब माधव

माधव


लेखक के बारे में