प. एशिया युद्ध का प्रभाव कम करने के लिए अगले दो दिन में उपायों की घोषणा करेंगे: चंद्रबाबू नायडू
प. एशिया युद्ध का प्रभाव कम करने के लिए अगले दो दिन में उपायों की घोषणा करेंगे: चंद्रबाबू नायडू
निदामारु (आंध्र प्रदेश), 13 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार पश्चिम एशिया संघर्ष के प्रभाव को कम करने के लिए दो दिनों के भीतर एहतियाती उपायों की घोषणा करेगी।
मुख्यमंत्री ने गुंटूर जिले के निदामारु गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अगले दो दिनों में अमेरिका-ईरान युद्ध के प्रभावों से राज्य को बचाने के उद्देश्य से उठाए जाने वाले कदमों की घोषणा करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘कल या परसों हम इस बात की भी घोषणा करेंगे कि युद्ध के राज्य पर पड़ने वाले प्रभावों के कारण हमें क्या निवारक उपाय करने होंगे।
नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल में की गई मितव्ययिता की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के लोगों को जिम्मेदारी से काम लेना चाहिए और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों का समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने भी प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से सोना खरीदने और विदेश यात्रा से बचने तथा इसके बजाय आर्थिक आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश की स्वर्ण उत्पादन क्षमता को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जून में कुरनूल जिले में एक स्वर्ण खदान से खनन की शुरुआत करने की योजना बना रही है, जहां भारत के स्वर्ण भंडार का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा स्थित है।
नायडू ने आत्मनिर्भरता और जन सहयोग की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘जब आप सारा सोना आयात करेंगे, तो विदेशी मुद्रा देश से बाहर चली जाएगी। अगर हम घरेलू स्तर पर सोने का उत्पादन कर सकें, तो इस समस्या को कम किया जा सकता है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


