चेन्नई: मतदाताओं को प्रभावित करने के द्रमुक के प्रयासों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया
चेन्नई: मतदाताओं को प्रभावित करने के द्रमुक के प्रयासों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया
चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के कुछ सदस्यों पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए मयलापुर निर्वाचन क्षेत्र में एक मतदान केंद्र के सामने धरना प्रदर्शन दिया।
राज्य की 234 विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही मयलापुर से भाजपा की उम्मीदवार और पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक के कुछ सदस्यों ने पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘उगते सूरज’ का खुलेआम प्रदर्शन किया और मतदान के लिए कतार में खड़े मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया।
तमिलिसाई ने पत्रकारों से कहा, “वे न तो मतदाता हैं और न ही पार्टी के एजेंट। इन लोगों ने अपने फोन पर द्रमुक का चुनाव चिन्ह और मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की तस्वीरें दिखाईं। अगर वे सोचते हैं कि अराजकता फैलाकर वोट हासिल कर लेंगे, तो वे सफल नहीं होंगे। स्टालिन को हमारी आवाज दबाकर वोट पाने के बारे में नहीं सोचना चाहिए। जनता द्रमुक की गुंडागर्दी से वाकिफ है और हम इसे स्वीकार नहीं कर सकते।”
उन्होंने कहा कि उनके पास अपने दावों की पुष्टि के लिए पर्याप्त सबूत हैं। साथ ही उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि मतदान अधिकारी ऐसे लोगों को वहां जाने की अनुमति कैसे दे सकते हैं।
इस बीच, क्षेत्र में सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल स्थित के एक मतदान केंद्र में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर उनकी कड़ी निंदा की।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


