चेन्निथला का मणिशंकर पर निशाना : कहा- कांग्रेस में किसी और की भाषा बोलने वालों की जरूरत नहीं
चेन्निथला का मणिशंकर पर निशाना : कहा- कांग्रेस में किसी और की भाषा बोलने वालों की जरूरत नहीं
कोच्चि, 20 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए कहा कि किसी और की भाषा बोलने वाले उनके जैसे लोगों की पार्टी में जगह नहीं है।
अय्यर हाल में एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं पर हमला करते हुए दावा किया था कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता पिनारई विजयन केरल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
चेन्निथला ने अय्यर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ‘‘राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हैं और कांग्रेस में उनकी कोई भूमिका या पद नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मणि शंकर अय्यर और उनके जैसे अन्य लोगों का समय समाप्त हो चुका है। इस पार्टी में उनकी कोई भूमिका नहीं है। वे इस पार्टी का हिस्सा नहीं हैं।’’
चेन्निथला ने कहा, ‘‘उनकी स्थिति ऐसी है कि उन्हें जहां भी काम मिलता है, वे वहां चले जाते हैं। जो भी उन्हें काम पर रखता है, वे वहीं जाते हैं। इसमें सम्मान की कोई बात नहीं है।’’
संवाददाताओं ने चेन्निथला से सवाल किया कि क्या अय्यर को पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए? इसके जवाब में कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य ने सवाल किया अय्यर ‘‘पार्टी में हैं ही नहीं, तो उन्हें कहां से निष्कासित किया जाएगा?’’
उन्होंने कहा, ‘‘ अय्यर किसी पद पर नहीं हैं। उनके जैसे लोग किराए पर काम करते हैं, जो भी उन्हें बुलाता है, वे जाकर उस व्यक्ति के पक्ष में बोलते हैं।’’
इस सप्ताह की शुरुआत में, अय्यर ने वामपंथी सरकार के निमंत्रण पर केरल की यात्रा पर आए थे। उन्होंने इस दौरान अपने पार्टी सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिनारई विजयन के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) राज्य में सत्ता बरकरार रखेगा।
अय्यर ने तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर को ‘‘सिद्धांतहीन अवसरवादी’’ करार दिया जबकि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल को ‘गुंडा’ बताया। उन्होंने चेन्निथला पर भी निशाना साधा था।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


