केरल दौरे पर गए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अपने पूर्व सुरक्षाकर्मी से मुलाकात की
केरल दौरे पर गए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अपने पूर्व सुरक्षाकर्मी से मुलाकात की
कोच्चि, आठ मार्च (भाषा) विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए केरल दौरे पर आए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने एक विशेष अनुरोध किया कि कोच्चि यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए उनके पूर्व सुरक्षाकर्मी साबू वर्गीस को तैनात किया जाए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कुमार ने 2001 से 2004 के बीच एर्णाकुलम के जिलाधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान साबू वर्गीज के साथ अपने संबंधों को याद किया।
अधिकारियों के अनुसार, ज्ञानेश कुमार जब एर्णाकुलम के जिलाधिकारी थे तब वर्गीज ने उनके सुरक्षाकर्मी के रूप में काम किया था।
केरल के अपने मौजूदा दौरे के दौरान, कुमार ने विशेष रूप से राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से अनुरोध किया कि वह वर्गीज को उनकी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात करें।
कुमार आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए पांच से सात मार्च तक कोच्चि में थे।
वर्गीज वर्तमान में हवाई अड्डे पर संपर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। वर्गीज ने कहा कि जब सीईसी कुमार ने यात्रा के दौरान अन्य अधिकारियों से कहा कि कुमार उन्हें भाई के समान मानते हैं, तो उन्हें गर्व महसूस हुआ।
सीईसी के यहां से रवाना होने के दौरान, वर्गीज ने कुमार को एर्णाकुलम में बिताए समय की एक पुरानी पारिवारिक तस्वीर भेंट की।
वर्गीज ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने उन्हें और उनके परिवार को दिल्ली आने का निमंत्रण दिया और वादा किया कि अगली बार जब वे केरल आएंगे तो अपने पोते-पोतियों को भी साथ लाएंगे।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश

Facebook


