मुख्य निर्वाचन आयुक्त प. बंगाल चुनाव की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा करेंगे

मुख्य निर्वाचन आयुक्त प. बंगाल चुनाव की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा करेंगे

मुख्य निर्वाचन आयुक्त प. बंगाल चुनाव की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा करेंगे
Modified Date: March 10, 2026 / 11:02 am IST
Published Date: March 10, 2026 11:02 am IST

कोलकाता, 10 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद कथित तौर पर मनमाने ढंग से नाम हटाए जाने के विवाद के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त संवाददाता सम्मेलन भी आयोजित करेंगे।

कुमार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पीयूष पांडे और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में चुनाव संबंधी तैयारियों का आकलन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय की भी समीक्षा करेगा, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती भी शामिल है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि आयोग रसद व्यवस्था और सुरक्षा योजना की समीक्षा के लिए पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राज्य पुलिस के नोडल अधिकारी और सीएपीएफ के नोडल अधिकारी के साथ भी बैठक करेगा।

आयोग के बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) से भी बातचीत करने और दिन में बाद में संवाददाता सम्मेलन करने की संभावना है।

ये बैठकें राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए निर्वाचन आयोग के पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे का हिस्सा हैं।

सोमवार को आयोग की पूर्ण पीठ ने कोलकाता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की जिसमें राजनीतिक दलों ने सुझाव दिया कि चुनाव एक या दो चरणों में कराए जाएं और आयोग से आग्रह किया कि मतदान के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।

भाषा खारी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में