सीजेपी को ‘अर्बन नक्सलियों’ का समर्थन प्राप्त है: एन. रामचंद्र राव

सीजेपी को 'अर्बन नक्सलियों' का समर्थन प्राप्त है: एन. रामचंद्र राव

सीजेपी को ‘अर्बन नक्सलियों’ का समर्थन प्राप्त है: एन. रामचंद्र राव
Modified Date: June 4, 2026 / 05:50 pm IST
Published Date: June 4, 2026 5:50 pm IST

हैदराबाद, चार जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) जैसे समूहों को ‘अर्बन नक्सलियों’ और आम आदमी पार्टी (आप) जैसे संगठनों का समर्थन प्राप्त है।

राव ने जोर देकर कहा कि ‘जेन जेड’ भारतीय मूल्यों से पहचान रखती है और देश के युवा उन लोगों के झांसे में नहीं आएंगे, जिन्हें कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय निवेशक और परोपकारी जॉर्ज सोरोस जैसे व्यक्तियों का समर्थन प्राप्त है।

राव ने यह बयान तेलंगाना गठन दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब हैदराबाद द्वारा आयोजित ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में दिया।

उन्होंने कहा, “युवाओं को मुद्दों पर लड़ने का अधिकार है। कई छात्र संगठन हैं। मैं यह नहीं कह रहा कि हर छात्र को भाजपा या अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का ही अनुसरण करना चाहिए। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कोई नयी घटना नहीं है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि इसे आम आदमी पार्टी जैसे दलों से जुड़े लोगों ने बनाया है। उन्होंने कहा कि ये लोग सोशल मीडिया के जरिए किसी तरह की खास विचारधारा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

उनके अनुसार इनकी मौजूदगी केवल सोशल मीडिया तक सीमित है और जमीनी स्तर पर इनका कोई वास्तविक आधार नहीं है।

प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत द्वारा वकीलों को ‘वरिष्ठ’ का दर्जा दिए जाने से संबंधित एक सुनवाई के दौरान ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ को लेकर की गई कथित टिप्पणियों से उपजे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर सीजेपी ने लोगों के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।

सीजेआई ने बाद में स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियां ‘फर्जी और जाली डिग्रियों’ के माध्यम से कानूनी पेशे में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों पर केंद्रित थीं, जिन्हें गलत तरीके से पेश किया गया।

यह मंच बेरोजगारी, परीक्षा-पेपर लीक और शिक्षा जैसे मुद्दों को उठाने के लिए मीम्स और तीखी राजनीतिक टिप्पणियों का उपयोग कर रहा है।

हैदराबाद के तीन नगर निगमों के आगामी चुनावों के लिए भाजपा द्वारा अकेले चुनाव लड़ने या गठबंधन करने के सवाल पर राव ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक हमारे वर्तमान रुख का सवाल है, हम अकेले ही चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, अपनी जीत के लिए हमें सभी लोगों के समर्थन की आवश्यकता है। गठबंधन और अन्य मामलों पर निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।’’

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में