‘क्लाउड किचन’ के मालिक का आरोप: देर रात संचालन को लेकर पुलिस ने धमकाया, पुलिस का इनकार

‘क्लाउड किचन’ के मालिक का आरोप: देर रात संचालन को लेकर पुलिस ने धमकाया, पुलिस का इनकार

‘क्लाउड किचन’ के मालिक का आरोप: देर रात संचालन को लेकर पुलिस ने धमकाया, पुलिस का इनकार
Modified Date: April 28, 2026 / 09:57 pm IST
Published Date: April 28, 2026 9:57 pm IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज में स्थित एक 24/7 क्लाउड किचन ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने रात 10 बजे के बाद संचालन जारी रखने के लिए उसके कर्मचारियों को धमकाया, जिसके कारण उसे देर रात की सेवाएं बंद करनी पड़ीं।

हालांकि, दिल्ली पुलिस ने किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार से इनकार किया है और कहा है कि कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई थी।

‘ग्लिस्को किचन्स’ के मालिक गगनदीप सिंह सपरा ने ‘एक्स’ पर बताया कि यह मामला रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को शुरू हुआ जब पुलिस ने रसोई को रात 10 बजे तक बंद करने की चेतावनी दी।

स्पष्टीकरण मांगने के प्रयासों के बावजूद, उन्होंने दावा किया कि अगले दिन रात लगभग 9.40 बजे तीन अधिकारी फिर से आए और दोहराया कि इलाके में हाल में हुई चोरियों के कारण रसोई रात में संचालित नहीं हो सकती।

सपरा ने कहा,’हमें जो स्पष्टीकरण दिया गया वह यह था कि आस-पास चोरी की घटनाएं हुई हैं, इसलिए हम रात में काम नहीं कर सकते। हमें यह भी बताया गया कि अगर हम काम जारी रखना चाहते हैं, तो हमें निजी सुरक्षा गार्ड रखने होंगे।’

उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को धमकाया गया और बाद में कामकाज जारी रखने के लिए ‘रिश्वत’ मांगी गई।

इसके बाद रसाई ने अपनी रात्रिकालीन सेवाएं बंद कर दीं। सपरा ने कहा कि इस फैसले से कम से कम छह कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि देर रात आपूर्ति वाहनों की आवाजाही और जाम के कारण स्थानीय निवासियों ने शिकायतें की थीं।

पुलिस ने ‘एक्स’ पर बताया, ‘रात की गश्त के दौरान भीड़भाड़ देखी गई। पूछताछ करने पर संचालक देर रात संचालन के लिए वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। कानून व्यवस्था बनाए रखने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए निवारक कार्रवाई की गई।’

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में