कॉजपा का प्रदर्शन: वांगचुक के अनशन का नौवां दिन, पुलिस पर महिला कार्यकर्ताओं की रिकॉर्डिंग का आरोप
कॉजपा का प्रदर्शन: वांगचुक के अनशन का नौवां दिन, पुलिस पर महिला कार्यकर्ताओं की रिकॉर्डिंग का आरोप
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े और सरकार की जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का विरोध प्रदर्शन सोमवार को 17वें दिन में प्रवेश कर गया।
वहीं, कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का नौवां दिन है। अनशन शुरू करने के बाद से उनका कुल वज़न 6.9 किलोग्राम कम हो गया है।
डॉक्टरों की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक का रक्तचाप 107/67 एमएम एचजी और रक्त शर्करा स्तर 72 एमजी/डीएल दर्ज किया गया। बुलेटिन में उपवास शुरू करने के बाद से उनके वजन में कमी आने की पुष्टि की गई।
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाया कि सरकार ने कथित तौर पर पुलिस से प्रदर्शन स्थल पर महिला कार्यकर्ताओं की रिकॉर्डिंग करने के लिए क्यों कहा।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने पुलिस से महिला कार्यकर्ताओं की रिकॉर्डिंग करने के लिए क्यों कहा? कल रात, कुछ अधिकारी महिला कार्यकर्ताओं की तस्वीरें लेते हुए पकड़े गए। जब उनसे पूछताछ की गई, तो वे मौके से भाग गए।’’
दीपके सोमवार को महाराष्ट्र गए और अपने गृहनगर छत्रपति संभाजीनगर में कथित पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कॉजपा छात्रों के साथ एकजुटता से खड़ी है और ऑफलाइन परीक्षा की उनकी मांग का समर्थन करती है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन से संबद्ध ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कई सदस्यों ने जंतर-मंतर पर पर एक अलग मंच से अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखी।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


