कांग्रेस-द्रमुक सीट बंटवारा: पी चिदंबरम ने स्टालिन के साथ चर्चा की

कांग्रेस-द्रमुक सीट बंटवारा: पी चिदंबरम ने स्टालिन के साथ चर्चा की

कांग्रेस-द्रमुक सीट बंटवारा: पी चिदंबरम ने स्टालिन के साथ चर्चा की
Modified Date: March 3, 2026 / 04:21 pm IST
Published Date: March 3, 2026 4:21 pm IST

चेन्नई, तीन मार्च (भाषा) वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथागई के साथ मंगलवार को यहां मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के कैंप कार्यालय में उनसे मुलाकात की। यह मुलाकात दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध के बीच हुई।

कांग्रेस के एक सूत्र ने बताया कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष स्टालिन के साथ करीब एक घंटे चली बैठक में कांग्रेस नेताओं ने दोनों दलों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और अंतिम निर्णय जल्द लिए जाने की संभावना है।

सूत्र के अनुसार, दोनों दल गठबंधन जारी रखना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस को दी जा रही सीट की संख्या को लेकर मतभेद बना हुआ है। शुरुआत में द्रमुक ने कांग्रेस को राज्यसभा की एक सीट देने की पेशकश की थी, लेकिन बातचीत इस बात पर टिकी थी कि पार्टी को विधानसभा चुनाव में कितनी सीट की पेशकश की जाएगी।

कांग्रेस ने विधानसभा की 39 सीट की मांग की थी।

सूत्र ने संकेत दिया कि अब कांग्रेस 28 विधानसभा सीट और दो राज्यसभा सीट पर सहमत हो सकती है।

द्रमुक के प्रवक्ता टी. के. एस. एलंगोवन ने वेल्लोर में संवाददाताओं से कहा, “द्रमुक गठबंधन जारी रखना चाहती है। बातचीत जारी है और हमारे नेता उचित निर्णय लेंगे। हमारे नेता इस मुद्दे का सौहार्दपूर्ण समाधान चाहते हैं। शाम तक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।”

इससे पहले, सेल्वापेरुन्थागई ने चिदंबरम से मुलाकात की और चर्चा के बाद दोनों मुख्यमंत्री के आवास पर गए।

कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडणकर के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सीट बंटवारा समिति ने पिछले सप्ताह प्रारंभिक वार्ता की थी और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के कोषाध्यक्ष टी. आर. बालू के नेतृत्व वाली द्रमुक की समिति को अपनी ‘मांग सूची’ सौंपी थी।

प्रारंभिक चर्चा के बाद चोडणकर ने द्रमुक के 25 सीट के प्रस्ताव को “अस्वीकार्य” बताते हुए कहा था कि पार्टी अधिक सीटों की अपेक्षा रखती है।

हालांकि, कांग्रेस आलाकमान ने वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम को द्रमुक नेतृत्व के साथ सीधे वार्ता फिर से शुरू कर सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने की जिम्मेदारी सौंपी है। चोडणकर को आज के लिए प्रस्तावित वार्ता के वास्ते पांच सदस्यीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना था।

भाषा खारी दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में