कांग्रेस ने सरकार गठन के लिए टीवीके को समर्थन दिया
कांग्रेस ने सरकार गठन के लिए टीवीके को समर्थन दिया
चेन्नई, छह मई (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के लिए समर्थन देने की घोषणा की और कहा कि दोनों का नया गठबंधन भविष्य में स्थानीय निकाय, लोकसभा और राज्यसभा चुनावों के लिए भी है।
देश के मुख्य विपक्षी दल ने विजय को यह समर्थन इस शर्त के साथ दिया है कि टीवीके इस गठबंधन से ‘‘सांप्रदायिक ताकतों’’ को दूर रखेगी।
कांग्रेस के टीवीके के साथ जाने के फैसले के साथ ही द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ उसके 22 साल पुराने गठबंधन का पटाक्षेप तय माना जा रहा है। हालांकि कांग्रेस के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर ने कहा कि कांग्रेस, द्रमुक के साथ संपर्क में है और एमके स्टालिन की पार्टी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है।
द्रमुक कांग्रेस पार्टी के सबसे पुराने सहयोगियों में से एक है और दोनों दलों ने पहली बार 1971 में सबसे पहले हाथ मिलाया था जब विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ हुए थे। द्रमुक 2004 से 2013 तक संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का हिस्सा थी। इसके बाद 2014 में द्रमुक अकेले लड़ी। 2016 में कांग्रेस ने द्रमुक के साथ फिर से गठबंधन किया।
द्रमुक ने टीवीके के साथ जाने के कांग्रेस के कदम को पीठ में छूरा घोंपना करार दिया है।
टीवीके के नेता विजय ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र लिखकर समर्थन का आग्रह किया था, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर ने इस पर विचार किया और फिर तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी को निर्देशित किया गया कि वह राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय ले।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विजय को समर्थन देने के फैसले पर मुहर लगाई गई। इसी बैठक में कन्याकुमारी किल्लियूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एस राजेश कुमार को विधायक दल का नेता भी चुना गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टीवीके के प्रति समर्थन की घोषणा के बाद यहां पार्टी मुख्यालय ‘सत्यमूर्ति भवन’ में जश्न मनाया और पटाखे फोड़े।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडानकर ने एक बयान में कहा, ‘‘टीवीके के अध्यक्ष विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से औपचारिक रूप से समर्थन का अनुरोध किया। तमिलनाडु की जनता, विशेषकर युवाओं ने संवैधानिक सिद्धांतों में विश्वास रखने वाली धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और कल्याणकारी सरकार के लिए स्पष्ट, सशक्त और भारी बहुमत से अपना मत व्यक्त किया है। उन्होंने विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु टीवीके को अगली सरकार बनाने के लिए चुना है।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत में धर्मनिरपेक्ष, प्रगतिशील और कल्याणकारी राजनीति का समर्थन करती है और इसकी संस्थापक राजनीतिक पार्टी है।
चोडानकर ने कहा, ‘तमिलनाडु की जनता के इस जनादेश का सम्मान करना, इसे कायम रखना और इसे मंजिल तक पहुंचाने में सहायता करना हमारा संवैधानिक कर्तव्य है। ऐसे में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने टीवीके को सरकार बनाने के लिए अपना पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया है।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का समर्थन इस शर्त पर आधारित होगा कि टीवीके इस गठबंधन से उन सभी सांप्रदायिक ताकतों को दूर रखे जो भारत के संविधान में विश्वास नहीं करती हैं।
उन्होंने कहा कि टीवीके और तमिलनाडु कांग्रेस के बीच यह गठबंधन आने वाले वर्षों और दशकों में पेरियार के सामाजिक न्याय के आदर्शों और डॉ. बी.आर. आंबेडकर के संवैधानिक आदर्शों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ पेरुंथलाइवर कामराज के तमिलनाडु के गौरवशाली दिनों को वापस लाने का प्रयास करेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘दोनों पार्टियों के बीच आपसी सम्मान, उचित हिस्सेदारी और साझा जिम्मेदारी पर आधारित यह गठबंधन न केवल इस सरकार के गठन के लिए है, बल्कि स्थानीय निकायों, लोकसभा और राज्यसभा के भावी चुनावों के लिए भी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘विजय और राहुल गांधी संयुक्त रूप से एक धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील सरकार के लिए तमिलनाडु के लोगों के इस ऐतिहासिक फैसले का सम्मान करने और तमिलनाडु की जनता विशेषकर युवाओं के सपनों और वादों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं।’’
तमिलनाडु के लिए कांग्रेस प्रभारी चोडानकर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागई, विधायक दल के नेता एस राजेश कुमार और पार्टी नेता प्रवीण चक्रवर्ती ने यहां टीवीके पार्टी कार्यालय में विजय से मुलाकात की और सरकार बनाने के लिए समर्थन पत्र सौंपा। इस मौके पर टीवीके के कई नेता भी उपस्थित थे।
चोडानकर ने संवाददाताओं से कहा कि विजय को समर्थन देने की एकमात्र शर्त यही है कि उनकी अगुवाई वाली सरकार में भाजपा या उसका कोई सहयोगी दल शामिल नहीं होना चाहिए।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके को 108 सीटें हासिल हुई हैं, जिनमें से दो सीटों पर खुद विजय निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में सरकार बनाने के लिए टीवीके को 11 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस के पांच विधायक निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस अब तक द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा थी। द्रमुक ने 59 सीटें जीती हैं।
अन्नाद्रमुक ने 47 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) को चार और भाजपा और एएमएमके ने चुनाव में एक-एक सीट हासिल मिली है।
द्रमुक के अन्य सहयोगियों आईयूएमएल, भाकपा, माकपा, और वीसीके को दो-दो सीटें तथा एमडीएमएके को एक सीट मिली है।
भाषा हक हक नरेश
नरेश

Facebook


