कांग्रेस सांसद ने सरकार से पूछा: भगोड़े कारोबारियों को वापस कब लाया जाएगा
कांग्रेस सांसद ने सरकार से पूछा: भगोड़े कारोबारियों को वापस कब लाया जाएगा
नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) कांग्रेस की एक सांसद ने सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए बुधवार को लोकसभा में सवाल किया कि भगोड़े कारोबारियों पर कितने मुकदमे किये गए हैं और सरकार ऐसे लोगों को स्वदेश वापस कब लाएगी।
कांग्रेस सांसद प्रतिभा धानोरकर ने ‘दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक, 2025’ पर चर्चा की शुरूआत करते हुए कहा कि जब कोई कंपनी दिवाला हो जाती है तो उसके कर्मचारी और निवेशकों के परिवार वित्तीय संकट में पड़ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस संशोधन विधेयक के जरिये उन कामगारों को प्राथमिकता देने की जरूरत है और उन्हें राहत देने की प्रक्रिया में जानबूझकर विलंब करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इससे पहले, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विधेयक को चर्चा तथा पारित किये जाने के लिए पेश किया।
कांग्रेस सांसद ने सवाल किया कि भगोड़े कारोबारियों को वापस लाने का इस सरकार ने जो आश्वासन दिया था, उसका क्या हुआ? उन्होंने कहा, ‘‘वे जनता के पैसे पर मौज कर रहे हैं, लेकिन उनकी कंपनियों में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों की आजीविका पर संकट आ गया है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार को ‘‘सूटबूट में उद्योगपतियों के साथ’’ दिखने के बजाय देश की गरीब जनता और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘गरीबों की ऋण माफी का ढिंढोरा पीटने वाली यह सरकार बताये कि उसने भगोड़े कारोबारियों पर कितने मुकदमे किए हैं और ऐसे लोगों को देश में वापस कब लाया जाएगा?’’
उन्होंने करीब 52 बड़े उद्योगपतियों की कर्ज माफी किये जाने का दावा करते हुए कहा, ‘‘सरकार के पास इन उद्योगपतियों के लिए पैसा है, लेकिन किसानों की कर्जमाफी करने के लिए पैसा नहीं है।’’
भाषा
सुभाष वैभव
वैभव

Facebook


