कांग्रेस सांसद ने तथाकथित धर्म गुरुओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

कांग्रेस सांसद ने तथाकथित धर्म गुरुओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

कांग्रेस सांसद ने तथाकथित धर्म गुरुओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
Modified Date: April 1, 2026 / 10:10 pm IST
Published Date: April 1, 2026 10:10 pm IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) राज्यसभा में बुधवार को कांग्रेस सदस्य रजनी पाटिल ने देशभर में तथाकथित धर्म गुरुओं द्वारा आम लोगों, विशेषकर महिलाओं के शोषण का मुद्दा उठाया और ऐसे पाखंडी तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की सरकार से मांग की।

कांग्रेस सदस्य ने विशेष उल्लेख के जरिए यह मुद्दा उठाया और कहा कि हाल ही में नासिक में एक ऐसा मामला सामने आया, जहां आस्था का दुरुपयोग कर महिलाओं का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया गया तथा करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की गई।

पाटिल ने कहा कि यह कोई एकल घटना नहीं है बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में बार-बार सामने आने वाली चिंताजनक प्रवृत्ति है। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास के कारण ऐसे मामले सामने आते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न समाज सुधारकों ने ऐसे शोषण के खिलाफ आवाज उठाई थी पर आज स्थिति उनके आदर्शों के विपरीत दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि यह केवल कानून व्यवस्था का प्रश्न नहीं बल्कि समाज की नैतिकता, महिलाओं की सुरक्षा और आस्था के दुरुपयोग का गंभीर मुद्दा है। उन्होंने सरकार से ऐसे पाखंडी तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी तंत्र बनाए जाने और जन जागरूकता अभियान चलाए जाने की मांग की।

विशेष उल्लेख के जरिए ही भाजपा के नरेश बंसल ने देहरादून के एक कॉलेज में भूगोल के प्रोफेसर रहे दिवंगत डॉक्टर नित्यानंद के सम्मान में डाक टिकट जारी किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर नित्यानंद का पूरा जीवन सेवा, समर्पण और त्याग की अनूठी मिसाल है।

डॉक्टर नित्यानंद ने 1991 में गढ़वाल में आए विनाशकारी भूकंप से प्रभावित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके बच्चों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

विशेष उल्लेख के जरिए कई अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने मुद्दे उठाए।

भाषा अविनाश सुभाष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में