त्रिशूर में संपत्ति विवाद को लेकर बेटे ने बुजुर्ग पिता की पीट-पीटकर हत्या की
त्रिशूर में संपत्ति विवाद को लेकर बेटे ने बुजुर्ग पिता की पीट-पीटकर हत्या की
त्रिशूर (केरल), 23 जुलाई (भाषा) केरल मे त्रिशूर के मडावक्करा में संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने 89 वर्षीय पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कृष्णन के रूप में हुई है। वह 21 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे अपने घर में मृत पाए गए थे।
पुलिस ने मामले में कृष्णन के बेटे राधाकृष्णन को गिरफ्तार कर लिया है। वह अपने पिता के घर के पास ही एक अन्य मकान में रहता था।
पुदुक्काड पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि कृष्णन की मौत सिर पर किसी कठोर वस्तु से चोट लगने के कारण हुई थी।
जांचकर्ताओं को बाद में पता चला कि कृष्णन के घर के निकास द्वारों में से एक खुला हुआ था, जिससे संकेत मिला कि घटना से पहले कोई व्यक्ति घर में आया था।
पुलिस के अनुसार, रिश्तेदारों के बयानों से पता चला है कि परिवार के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था और कृष्णन ने इस मामले को लेकर अदालत का भी रुख किया था, जिसके बाद अदालत ने राधाकृष्णन को अपने पिता (कृष्णन) के भरण-पोषण का निर्देश दिया था।
पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई की रात राधाकृष्णन अपने पिता के घर गया था, जहां दोनों के बीच बहस हुई। इस दौरान गुस्से में आकर उसने अपने पिता पर कथित तौर पर हथौड़े से वार कर दिया और फिर उन्हें बेहोश समझकर वह वहां से चला गया।
इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए बुधवार को राधाकृष्णन और उसके बेटे को हिरासत में लिया था।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद राधाकृष्णन की गिरफ्तारी आधिकारिक रूप से दर्ज की गई तथा साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया के तहत उसे बृहस्पतिवार को कृष्णन के घर पर भी ले जाया गया।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


