कांग्रेस सांसद सुधा ने तमिलनाडु बार काउंसिल से पेरारिवलन को निष्कासित करने की मांग की
कांग्रेस सांसद सुधा ने तमिलनाडु बार काउंसिल से पेरारिवलन को निष्कासित करने की मांग की
चेन्नई, 29 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस सांसद आर सुधा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्याकांड के दोषी ए जी पेरारिवलन के तमिलनाडु बार काउंसिल में नामांकन की बुधवार को कड़ी निंदा की और उसे तत्काल निष्कासित करने की मांग की।
उन्होंने पेरारिवलन के नामांकन को ‘‘न्यायपालिका के लिए काला दिन’’ करार दिया। मयिलदुतुराई की सांसद ने कहा कि उन्होंने पेरारिवलन के नामांकन के खिलाफ कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, प्रधान न्यायाधीश, केंद्रीय कानून मंत्री और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और एक वकील के रूप में वह पेरारिवलन को उच्च न्यायालय परिसर में प्रवेश नहीं करने देंगी।
उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘वह वकील की पोशाक नहीं पहन सकता ना ही कानूनी दस्तावेज़ तक पहुंच पा सकता है।’’
कांग्रेस नेता ने तमिलनाडु बार काउंसिल से पेरारिवलन को तुरंत निष्कासित करने की मांग करते हुए कहा कि इस मामले में समर्थन देने वाले और शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि पेरारिवलन ‘‘लिट्टे का समर्थक’’ था, जिसे राजीव गांधी हत्याकांड में दोषी ठहराया गया था और उसने 31 साल जेल में बिताए। उन्होंने कहा, ‘‘उसे दया याचिका पर रिहा किया गया।’’
कांग्रेस नेता की यह मांग पेरारिवलन के वकील के रूप में पंजीकरण कराने के दो दिन बाद आई है।
पेरारिवलन (54) ने 27 अप्रैल को वकालत के लिए पंजीकरण कराया। वह मद्रास उच्च न्यायालय में कैदियों को कानूनी सहायता प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए वकालत करेगा।
पेरारिवलन को 1991 में गिरफ्तार किया गया था जब वह 19 वर्ष का था। पेरारिवल पर आरोप था कि उसने 1991 में 21 मई को पास के श्रीपेरुम्बुदुर में चुनावी रैली के दौरान एक महिला आत्मघाती हमलावर द्वारा गांधी की हत्या में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक उपकरण के लिए 9-वोल्ट की बैटरी की आपूर्ति की थी। गांधी और उनके हत्यारे के अलावा, इस विस्फोट में 14 अन्य लोग भी मारे गए।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


