बंगाल में कथित हमले में कॉजपा कार्यकर्ता के पिता की मौत, ममता ने पीड़ित परिवार को समर्थन का दिया भरोसा
बंगाल में कथित हमले में कॉजपा कार्यकर्ता के पिता की मौत, ममता ने पीड़ित परिवार को समर्थन का दिया भरोसा
कोलकाता, 17 अगस्त (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के उस कार्यकर्ता से बात की, जिसके पिता की कथित तौर पर पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में उसके घर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
ममता ने शोक संतप्त परिवार को अपनी पार्टी की ओर से समर्थन का आश्वासन दिया।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने कहा कि उसके कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज (25) ने सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे की कमियों का दस्तावेजीकरण करने के लिए पार्टी के “स्कूल ठीक करो” अभियान के तहत 13 अगस्त को करिसुंदा वेस्ट पारा प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया था।
कॉजपा ने कहा कि उसी शाम हथियारबंद लोग हफीज के घर में घुस आए और उन्होंने उससे माफी मांगते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड करने को कहा। वीडियो में उसे यह कहना था कि उसने किसी और के कहने पर स्कूल की स्थिति को उजागर किया था।
जब उसने इनकार किया तो हमलावरों ने कथित तौर पर उसे और उसके पिता जनाब माफिक पर डंडों और लोहे की छड़ से हमला किया। कथित हमले के दो दिन बाद शनिवार रात बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में माफिक की मौत हो गई।
पुलिस ने रविवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि भाजपा ने इस घटना से किसी भी तरह के संगठनात्मक संबंध से इनकार किया है।
कथित हमले के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। टीएमसी सूत्रों ने बताया कि बनर्जी ने हफीज से फोन पर बात की, अपनी चिंता जताई और परिवार को आश्वासन दिया कि इस मुश्किल घड़ी में वह उनके साथ खड़ी हैं।
टीएमसी के एक नेता ने कहा, “ममता बनर्जी ने अब्दुल हफीज से बात की और उन्हें अपने समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने पिता की मौत के बाद परिवार के प्रति अपनी एकजुटता भी व्यक्त की।”
विपक्षी दल की बांकुड़ा जिला इकाई के संयुक्त संयोजक सुखेन बिद भी पार्टी के उस प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे, जिसने परिवार से मुलाकात की।
उन्होंने कहा, “हम परिवार के साथ खड़े हैं। हम हर कदम पर उनका समर्थन करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें न्याय मिले।”
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


