नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि पूरा देश पहलवानों द्वारा अपने पदक गंगा नदी में प्रवाहित करने की योजना से ‘स्तब्ध’ है और ‘प्रधानमंत्री को अहंकार छोड़ देना चाहिए।’
उल्लेखनीय है कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पहलवानों ने अपने पदक हरिद्वार में गंगा नदी में प्रवाहित करने की घोषणा की थी।
हालांकि, पहलवानों ने किसान नेताओं द्वारा उनके मुद्दे को सुलझाने के लिए पांच दिन का समय मांगने के बाद अपनी योजना स्थगित कर दी।
हरिद्वार में गंगा नदी के किनारे पहलवानों के एकत्र होने का वीडियो माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर साझा करते हुए केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘पूरा देश स्तब्ध है। पूरे देश की आंखों में आंसू है अब प्रधानमंत्री को अपना अहंकार छोड़ देना चाहिए।’’
गौरतलब है कि पुलिस ने सिंह के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की थी लेकिन अबतक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश