पूर्वोत्तर की तीन महिलाओं पर नस्ली टिप्पणी करने के आरोपी दंपति को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पूर्वोत्तर की तीन महिलाओं पर नस्ली टिप्पणी करने के आरोपी दंपति को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने पूर्वोत्तर की तीन महिलाओं पर नस्ली टिप्पणी करने के आरोपी एक दंपति को बुधवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
दंपति को बुधवार को मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 11 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में पूर्वोत्तर की रहने वाली अपनी तीन पड़ोसियों पर नस्ली टिप्पणी करने के आरोप में बुधवार को रूबी जैन और उसके पति हर्ष को गिरफ्तार किया था।
मालवीय नगर पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी की जांच के बाद दंपति को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी को किराये के मकान में मरम्मत कार्य को लेकर हुए विवाद के दौरान रूबी जैन ने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
पुलिस ने प्राथमिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा को भी शामिल किया है।
पुलिस ने बताया कि शुरू में मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था, जिनमें आपराधिक धमकी, महिला की गरिमा का अपमान और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित आरोप शामिल हैं।
भाषा देवेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


