कानपुर में स्कूटर सवार दंपति की सड़क दुर्घटना में मौत

कानपुर में स्कूटर सवार दंपति की सड़क दुर्घटना में मौत

कानपुर में स्कूटर सवार दंपति की सड़क दुर्घटना में मौत
Modified Date: June 6, 2026 / 02:15 pm IST
Published Date: June 6, 2026 2:15 pm IST

कानपुर (उप्र), छह जून (भाषा) कानपुर के जाजमऊ इलाके में शनिवार सुबह मंदिर जा रहे सेवानिवृत्त नगर निगम कर्मचारी और उनकी पत्नी की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लक्ष्मीकांत शर्मा (62) और उनकी पत्नी आशा शर्मा उर्फ कृष्णा (60) के रूप में हुई है। लक्ष्मीकांत कानपुर नगर निगम से सफाई पर्यवेक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वे सीताराम नगर के रहने वाले थे।

पुलिस के अनुसार, वे सुबह करीब 10 बजे घर से सिद्धनाथ मंदिर के लिए निकले थे। जाजमऊ में सोलंकी धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे थोड़ी दूर पर रोक लिया। गुस्साई भीड़ ने चालक की पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

पूर्वी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और विधिक कार्रवाई जारी है।

भाषा सं आनन्द नेत्रपाल शोभना

शोभना


लेखक के बारे में