रीजीजू ने छठी राष्ट्रीय सांसद बैडमिंटन चैंपियनशिप का उद्घाटन किया
रीजीजू ने छठी राष्ट्रीय सांसद बैडमिंटन चैंपियनशिप का उद्घाटन किया
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को यहां कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में छठी राष्ट्रीय सांसद बैडमिंटन चैंपियनशिप का उद्घाटन किया।
इस कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत करते हुए रीजीजू ने आयोजन की तारीफ की और कहा कि इस चैंपियनशिप में सभी दलों के सांसद हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस आयोजन से पूर्व सांसदों को मौजूदा सांसदों से जुड़ने का मौका मिलता है। यहां दोस्ती और एकता का माहौल है। राजनीति में यह बहुत जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संसद के अंदर होने वाली तीखी बहस एक अलग बात है, लेकिन खेल की भावना में सभी एकजुट रहते हैं।’’
भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी, जो क्लब के सचिव (प्रशासन) भी हैं, ने बताया कि रीजीजू ने क्लब के शासी निकाय के सदस्यों की मौजूदगी में टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह चैंपियनशिप ‘फिट इंडिया, खेलो इंडिया’ की भावना के साथ आयोजित की गई है।
चैंपियनशिप नौ अगस्त को संपन्न होगी।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


